ब्लाइंड मर्डर : युवक का गला काटकर नदी में फेंका शव, अज्ञात मृतक की पहचान करने में जुटी पुलिस

0
1567
शव को पानी से बाहर निकालकर गहनता से उसका मुआयना करते हुए थाना प्रभारी मड़ला एवं पन्ना पुलिस की फॉरेंसिक टीम के वरिष्ठ सदस्य।

*  पन्ना जिले के मड़ला ग्राम में केन नदी पुल के नीचे मिला युवक का शव

*  अज्ञात मृतक के कपड़ों में मिली सतना जिले के टोल नाका की पर्ची

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज सुबह अंधे क़त्ल का एक बेहद ही सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जिले के मड़ला ग्राम में बुधवार 17 मार्च की सुबह केन नदी (पन्ना-छतरपुर मार्ग) पर स्थित पुल के नीचे एक युवक का शव पानी की सतह पर उतराता मिला। शव को बाहर निकालकर देखा तो अज्ञात मृतक का गला कटा हुआ था।
प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि धारदार हथियार से बड़ी ही बेरहमी से युवक गला रेतकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से अज्ञात हत्यारोपी के द्वारा शव को नदी में फेंका गया है। हालांकि प्रारंभिक पुलिस जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि युवक की हत्या को मड़ला में ही अंजाम दिया गया या फिर किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां लाकर फेंका गया है। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की जघन्य वारदात को बीती रात अंजाम दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पन्ना-छतरपुर मार्ग एनएच-39 पर मड़ला में केन नदी पुल के नीचे पानी में उतराता हुआ अज्ञात युवक का शव।
मृतक कौन है, कहां का निवासी है फ़िलहाल इसका पता नहीं चल सका। अज्ञात मृतक की आयु 30-35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को उसके कपड़ों से पड़ोसी जिला सतना में स्थित एक टोल टैक्स नाका की पर्ची मिली है। जिसमें वाहन नंबर एवं अन्य जानकारी दर्ज है। इस अहम सुराग के आधार पर पन्ना पुलिस अज्ञात मृतक की पहचान करने में जुटी है। शव के संबंध आसपास के जिलों को भी आवश्यक जानकारी भेजकर अज्ञात युवक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना पर मड़ला थाना पुलिस ने फ़िलहाल मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस सूत्रों ने अज्ञात युवक की पहचान होने पर अंधे क़त्ल का खुलासा जल्द से जल्द होने की उम्मीद जताई है।