केन्द्र एवं प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कर रही है कार्य – मंत्री बृजेन्द्र सिंह

0
973
अन्न उत्सव कार्यक्रम में नवीन हितग्राहियों को राशन की पात्रता पर्ची प्रदान करते हुए मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं पन्ना जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव।

* अन्न उत्सव कार्यक्रम में हितग्राहियों को राशन की पात्रता पर्ची का वितरण

पन्ना।(www.radarnews.in) जिला मुख्यालय के साइंस काॅलेज के नवनिर्मित सभाकक्ष में मुख्यमंत्री कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत नवीन हितग्राहियों को पात्रता पर्ची, राशन एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण का वितरण आयोजित कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य शासन द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की गयी हैं। कोरोना त्रासदी के दौरान भी शासन द्वारा गरीबों का हक दिलाया जा रहा है। आगामी आने वाले समय में भी गरीबों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
अन्न उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राही तथा भाजपा नेता।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा प्रत्येक वर्ग के कल्याण की योजनाएं चलाई जा रही हैं। कोरोना महामारी से प्रदेश के संक्रमित होने के साथ ही शासन द्वारा गरीबों की ओर ध्यान दिया गया। पहले उन्हें परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ भोजन की व्यवस्था की गयी। विभिन्न राज्यों एवं महानगरों से वापस आए श्रमिकों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। फुटपाथ पर ठेली पर व्यवसाय करने वाले छोटे-छोटे व्यवसायियों की कठिनाईयों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यवसायी के बैंक खातों में 10-10 हजार रूपये की राशि अंतरित कराई गयी। इस राशि से वे अपने व्यवसाय को पुनः शुरू करें और धीरे-धीरे शासन को राशि वापस करता रहेगा यह क्रम निरंतर जारी रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों को बगैर ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन की श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित संबल योजना में जन्म लेने से योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। गरीबों के कल्याण के लिए हर तरह की योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस संक्रमण से सावधान रहना हम सब की जिम्मेदारी है। सभी को शासन द्वारा कोरोना संक्रमण रोकने के लिए दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए।
कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने उपस्थितों को सम्बोधित करते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गरीबों की हरसंभव सहायता की जा रही है। प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 41959 नवीन पात्र सदस्यों की पहचान की गयी है। उनमें 38528 सदस्यों को नवीन पात्रता पर्ची वितरित की जा रही है। नवीन पात्रता पर्ची वितरण का कार्यक्रम जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता वाले परिवारों को प्रति सदस्य 4 किलो गेंहू, 1 किलो चावल के मान से प्रतिमाह वितरित किया जाता है।
इसी प्रकार अन्त्योदय योजना के परिवारों को 30 किलो गेंहू, 5 किलो चावल, 1 किलो शक्कर, 1 किलो चना, 2 लीटर कैरोसिन दिया जाता है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 25 प्रकार के परिवारों को खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना काल में 7 हजार 745 परिवारों को 4 किलो गेंहू, 1 किलो चावल के मान से प्रतिमाह उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवीन पात्रता सदस्यों में पर्ची वितरण के शेष सदस्यों को मशांत तक पर्ची का वितरण कर दिया जाएगा। आगामी आने वाले समय में भी शासन की योजनाओं का निरंतर लाभ हितग्राहियों को मिलता रहेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सम्बोधित किया गया।
कार्यक्रम में विकलांगों को सहायक उपकरण का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से 10 लोगों को पात्रता पर्ची का वितरण किया गया। इसी प्रकार दिव्यांगों को सहायक उपकरण में धीरज गौंड़, सनमती गौंड़ को ट्राइसायकिल, मुकेश कुशवाहा, भरत यादव को वैशाखी और रमेश साहू को श्रवण यंत्र वितरित किए गए। सम्पन्न हुए इस कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंह, रामबिहारी चौरसिया, जयप्रकाश चतुर्वेदी, राजेन्द्र प्रधान, पुष्पेन्द्र लटौरिया राजेन्द्र कुशवाहा एवं प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बालागुरू के, अशोक चतुर्वेदी, प्रभारी खाद्य अधिकारी सुश्री सरिता अग्रवाल, संजय सिंह परियोजना अधिकारी के साथ हितग्राही एवं आमजन उपस्थित रहे।