सीएम शिवराज ने पन्ना में लगाया बरगद का पौधा, परिवार के साथ किया टाइगर रिजर्व का भ्रमण

0
2024
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना में आज बरगद का पौधा रोपित कर उसे पानी दिया।

परिवार के साथ दो दिन की निजी यात्रा पर रविवार को पन्ना पहुंचे थे मुख्यमंत्री

केन-बेतवा लिंक को लेकर नाराजगी के बीच पन्ना टाइगर रिजर्व का किया भ्रमण 

शादिक खान। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने होली के दिन सोमवार 29 मार्च को पन्ना में बरगद का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री ने पौधारोपण के अपने संकल्प के क्रम में पन्ना के नजदीक स्थित ताज़ ग्रुप की पाषाण गृह सफारी परिसर में सुबह बरगद का पौधा रोपित किया। शिवराज ने अपने ट्विटर हैंडल से पौधरोपण की तस्वीरें पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। साथ ही सभी को होली की शुभकामनाएं भी दी है। उन्होंने लिखा-“आज पन्ना में परिवार के साथ हूं, आप सबको होली की हार्दिक शुभकामनाएं! मैंने अपने संकल्प के क्रम में आज बरगद का पौधा लगाया। आपसे भी आग्रह कि इस शुभ अवसर पर पौधरोपण कीजिये। धरती की हरियाली हम सबको और आने वाली पीढ़ियों के जीवन को खुशहाल, स्वस्थ और समृद्ध बनायेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने परिवार सहित रविवार 28 मार्च की शाम हेलीकॉप्टर से पन्ना के पर्यटक ग्राम मड़ला में उतरे थे। और फिर वहाँ से सड़क मार्ग से कार के द्वारा पन्ना के नजदीक स्थित पाषाण गृह सफारी पहुंचे थे।

टाइगर रिजर्व का करेंगे भ्रमण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की यह निजी यात्रा बताई जा रही है। दो दिन की अपनी इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का आज परिवार के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व के भ्रमण का कार्यक्रम रहा। यह महज संयोग ही है कि, मुख्यमंत्री का पार्क भ्रमण ऐसे समय पर हुआ जब केन-बेतवा लिंक परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए सप्ताह भर पूर्व हुए एमओए को लेकर पन्ना के लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। सर्विदित है, केन-बेतवा लिंक परियोजना के निर्माण से पन्ना टाइगर रिजर्व का बड़ा क्षेत्र हमेशा के लिए पानी में डूब जायेगा। पर्यावरण के लिहाज से अत्यंत ही नुकसानदेह बताई जा रही इस नदी जोड़ो परियोजना के कारण बाघों के प्राकृतिक रहवास का इलाका काफी सिकुड़ जाएगा। करीब दर्जन भर गांवों के सैंकड़ों लोगों को विस्थापित होना पड़ेगा। साथ ही लाखों पेड़ इस परियोजना की बलि चढ़ जाएंगे। इतनी सब कुर्बानी देने के बाद केन-बेतवा लिंक परियोजना से पन्ना को आखिर हांसिल क्या होगा ? अपने हितों से जुड़े इस बाजिव सवाल का जबाव न मिलने से पन्ना के लोग बैचेन और नाराज़ हैं।

घर पर परिवार के साथ मनाएं होली

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक अन्य ट्वीट में लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। साथ ही कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने में अपना योगदान देने के लिए सभी से घर पर परिवार के साथ होली का त्यौहार मानाने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- रंगों का यह पर्व आपके जीवन को उल्लास, उत्साह, आनंद के नये रंगों से भर दे। सुख, समृद्धि, खुशहाली का नव सृजन हो; आप हर क्षण प्रसन्न रहें, यही कामना! साथ ही यह आग्रह भी कि होली का यह पर्व आप अपने घर पर परिवार के साथ मनायें और #COVID19 के संक्रमण को रोकने में योगदान दें।