चार राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर रैली निकाली

0
627
विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं पन्ना में ने बुलडोजर रैली निकाली।

*   जिले भर में आतिशबाजी करके और मिठाई खिलाकर मनाया जीत का जश्न

*   प्रधानमंत्री मोदी जनता के विश्वास और श्रद्धा के केन्द्र बने : रामबिहारी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के गुरूवार को घोषित नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने अपने चारों राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, गोवा, और मणिपुर में शानदार वापसी करके इतिहास रच दिया है। चारों राज्यों में भाजपा को प्रचण्ड बहुमत मिलने से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने पन्ना जिले में भी जमकर जश्न मनाया। भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के साथ ही देश के अन्य हिस्सों की तरह पन्ना में पार्टी कार्यकर्ताओं की होली सप्ताह भर पूर्व ही शुरू हो चुकी है। रंग-गुलाल से सरबोर भाजपाइयों ने जिला मुख्यालय में बुलडोजर रैली निकालकर अपनी ख़ुशी का अलग अंदाज में खुलकर इजहार किया। बुलडोजर पर सवार युवा डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। उनके पीछे बाइक पर चल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था।
गुरुवार 10 मार्च की शाम नगर के मुख्य मार्गों से निकली विजय रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी अपार ऊर्जा और उत्साह से चुनावी जीत के इस उत्सव को महोत्सव बना दिया। पार्टी का झंडा लहराते, मोदी-योगी की गगनभेदी जयकारा लगाते और रंग-गुलाल उड़ाकर ख़ुशी मनाते भाजपाई नगर के जिस भी मार्ग से गुजरे उन्हें देखने के लिए लोग घरों के बाहर और अपनी छतों पर आ गए। विजय रैली को देखने राहगीर भी कुछ पल के लिए सड़कों के किनारे रुके फिर आगे बढ़ गए। रैली के दौरान आतिशबाजी की गूँज से एक ओर जहां समूचा नगर गूंजता रहा वहीं आसमान में सतरंगी रोशनी से जगमगाता हुआ नजर आया। विजय रैली का रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया साथ ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई गले लगाकर जीत की बधाई दी। विजय रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए किशोर जी मंदिर प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यह राष्ट्रवाद की जीत है-

रामबिहारी चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष, पन्ना।
विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी पन्ना के जिलाध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में शानदार और अभूतपूर्व सफलता ऐतिहासिक और प्रत्येक कार्यकर्ता को गौरवान्वित करने वाली है। श्री चौरसिया ने कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद की जीत है और निश्चित ही और हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। जिन्होंने चार राज्यों में विजय दिलाने में अपना दिन और रात एक कर दिया। मैं जिलेवासियों को चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की जीत की बधाई प्रेषित करता हूं इस प्रचण्ड जीत से निश्चित ही भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उत्साहित है। रामबिहारी ने कहा कि एक बार फिर यह साबित हो चुका है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता के विश्वास और श्रद्धा के केन्द्र बन गए हैं।