25वीं राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप का आज पन्ना में होगा भव्य उद्घाटन

0
680
25वीं यूथ ओपन राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप में शामिल होने के लिए पन्ना पहुंचे खिलाड़ी मैदान में प्रैक्टिस करते हुए।

*      देशभर की 48 टीमों के 1280 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्पर्धा में होंगे शामिल 

*     उद्घाटन से पूर्व पन्ना नगर में निकला जाएगा विशाल मार्च पास्ट

पन्ना। (www.radarnews.in) 25वीं यूथ ओपन राष्ट्रीय वॉलीबाल (पुरुष/महिला) चैंपियनशिप का उद्घाटन आज जिला मुख्यालय पन्ना स्थित तलैया फील्ड में आयोजित होगा। शुक्रवार 16 दिसंबर 2022 से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलने वाली चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों की महिला एवं पुरूष टीम भाग लेंगी। चैंपियनशिप के उदघाटन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, बृजेंद्र प्रताप सिंह, रामकिशोर कांवरे, पवई विधायक प्रहलाद लोधी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह जानकारी भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्रवण मिश्रा ने पन्ना में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। श्री मिश्रा ने राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप की जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप के संरक्षक, क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा है। वॉलीबाल एसोसिएशन एवं खेल प्रकोष्ठ द्वारा यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश भर से 22 महिला टीमें और 26 पुरूष वर्ग की टीमें चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए पन्ना पहुंच चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष मार्च पास्ट को दिखायेंगे हरी झंडी

श्रवण मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार 16 दिसंबर को राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप की शुरूआत मार्च पास्ट के साथ होगी। मार्च पास्ट को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह हरी झंडी दिखायेंगे। पन्ना के कुमकुम टाकीज के पास से चैंपियनशिप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी मार्च पास्ट करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए खेल मैदान तलैया पहुंचेंगे। जहां कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

पत्रकार वार्ता में 25वीं राष्ट्रीय वॉलीबाल चैंपियनशिप के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा के नेतागण।
श्री मिश्रा ने बताया कि 16 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में प्रतिदिन खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जिसमें अतिथि के रूप में गणमान्यजन शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में श्री मिश्रा के साथ मध्यप्रदेश वालीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष रूद्रप्रताप, मंदसौर के जिला महामंत्री विजय अटवाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे, जिला सह मीडिया प्रभारी अजय पाठक उपस्थित थे।