नगरीय निकाय चुनाव से पूर्व पन्ना नगर पालिका क्षेत्र की सीमाओं का हुआ विस्तार, आधा दर्जन ग्राम पंचायतें जोड़ी गईं

0
1802
फाइल फोटो।
पन्ना।(www.radarnews.in) जिला प्रशासन के द्वारा पन्ना नगर पालिका परिषद की सीमाओं का विस्तार करने की कार्यवाही की गई है। पन्ना की सीमावृद्धि संबंधी प्रस्ताव 31 मार्च 2021 को असाधारण गजट में प्रकाशित किया गया है। यह सीमावृद्धि का प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा 02 वर्ष पूर्व राज्य शासन को भेजा गया था। शासन स्तर पर लंबित इस प्रकरण पर कार्यवाही मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयासों से हुई। उल्लेखनीय है कि पन्ना नगर पालिका क्षेत्र की सीमांओं के विस्तार का फैसला नगरीय निकाय चुनाव से ठीक पहले लिया गया है। इसलिए कुछ लोग इसे राजनैतिक लाभ की मंशा से लिए गए निर्णय के तौर पर भी देख रहे हैं।
पन्ना नगरपालिका की सीमाओं की वृद्धि के लिए जिन ग्राम पंचायतों को जोड़ा गया है उनमें- जनकपुर, पुरूषोत्तमपुर, जनवार, कुंजवन, गहरा एवं पुराना पन्ना को शामिल किया गया है। प्रशासन की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि, नगर परिषद पन्ना की सीमाओं की वृद्धि होने से जहां एक ओर नगरीय क्षेत्र का तेजी से सर्वांगीण विकास होगा वहीं सीमा वृद्धि में शामिल हुई ग्राम पंचायतों के निवासियों को नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे नगरपालिका क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ने से लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। इसके अलावा क्षेत्र पर्यटन गतिविधियों बढने से नगर का सर्वांगीण विकास होने से लोगों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्तर में सुधार आएगा।