तेज रफ़्तार बस स्टियरिंग फेल होने से पलटी, 20 से अधिक यात्री हुए घायल

0
1216
पन्ना-बृजपुर मार्ग पर सड़क किनारे पड़ी दुर्घटनाग्रस्त यात्री बस।

पन्ना-बृजपुर मार्ग पर जनकपुर ग्राम के समीप हुई दुर्घटना   

घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय पन्ना में जारी, दो को रीवा किया रेफरल 

पन्ना। रडार न्यूज     रहुनियां से पन्ना आ रही अरुणेंद्र ट्रैवल्स की तेज रफ़्तार मिनी बस स्टियरिंग फेल होने अनियंत्रित होकर पलट गई। सोमवार को सुबह करीब 8:30 बजे हुई इस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। जिनमें स्कूली बच्चे, महिलाएं और श्रमिक शामिल हैं। सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पन्ना पुलिस द्वारा तत्परता से गंभीर घायलों को उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय रवाना कर उन्हें भर्ती कराया गया।

जिला चिकित्सालय पन्ना में इलाज कराते घायल यात्री।

इस दुर्घटना के बाद बस क्रमांक- MP- 35-P- O777 का आरोपी चालक फरार है। घायल यात्रियों ने बताया हादसे के समय बस अत्यंत ही तेज गति से दौड़ रही थी और उसमें 30 से अधिक यात्री सवार थे। रास्ते में जैसे ही जनकपुर ग्राम के समीप पहुंचे तभी अचानक तेज रफ़्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क से दूर जाकर पलट गई। पलक झपकते ही सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को भी संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के पलटते ही अंदर चींख-पुकार मच गई। घायल यात्री बदहवास हालत किसी तरह बाहर निकले। इस दौरान पन्ना-बृजपुर मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने भी उनकी मदद की। इस दुर्घटना में घायल हुए यात्री अत्यंत ही भयभीत हैं। इनका का कहना है कि उन्होंने आज मौत को करीब से देखा है। यह तो चमत्कार ही है कि वे बाल-बाल बच गए। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफरल किया गया है। शेष सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।