किसान ट्रेक्टर परेड : अहंकारी सरकार के खिलाफ़ अन्नदाता ने भरी हुंकार, सड़कों पर दिखा ट्रेक्टरों का सैलाब

0
584
पन्ना में ट्रेक्टर रैली निकालकर ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट की ओर जाते हुए किसान।

भारतीय किसान यूनियन के आव्हान पर पन्ना की महारैली में जुटे सैंकड़ों किसान

किसान विरोधी काले कानूनों की वापसी तक संघर्ष जारी रखने का किया ऐलान

अधर्म और नफरत की अफीम पिलाकर देश को लूट रही है मोदी सरकार- जगदीश

आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली ने रचा इतिहास, पहली बार देखे इतने ट्रेक्टर

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व मध्यप्रदेश के बुन्देलखण्ड अंचल के पन्ना जिले की सड़कों पर अनूठा नजारा देखने को मिला। सोमवार 25 जनवरी को पन्ना में ऐतिहासिक ट्रेक्टर परेड निकाली गई। भारतीय किसान यूनियन (अरा.) के तत्वाधान में जिला मुख्यालय में निकली विशाल ट्रेक्टर परेड को “आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली” का नाम दिया गया। कड़ाके की सर्दी के बावजूद महारैली में सैकड़ों की संख्या में किसानों ने अपने ट्रेक्टरों के साथ शामिल होकर इतिहास रच दिया।
पन्ना के पॉलिटेकिनक कॉलिज ग्राउण्ड में आयोजित आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली आमसभा में उपस्थित जिले के किसान।
इस दौरान सभी ने किसान विरोधी-जन विरोधी काले कानूनों की वापसी तक संघर्ष जारी रखने ऐलान किया। कृषि कानूनों के विरोध में पिछले दो माह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के प्रति केन्द्र की मोदी सरकार के रवैये की तीखी आलोचना करते हुए उसे अहंकारी और तानाशाह सरकार करार दिया।
पन्ना जिले में आज पहली बार विशुद्ध रूप से किसानों का इतना व्यापक और विशाल गैर राजनैतिक प्रदर्शन देखने को मिला। जिसकी चर्चा गली-कूचों, चौक-चौराहों, सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ हो रही है। मध्यप्रदेश के किसानों को विवादित कृषि कानूनों एवं मोदी के समर्थन में खड़ा करने का भ्रामक प्रचार वालों को पन्ना के किसानों ने ट्रेक्टर महारैली के जरिए आईना दिखाने का काम किया है। वहीं इसे आक्रोशित किसानों के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि, पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार पन्ना के पॉलिटेक्निक कॉलिज ग्राउण्ड से निकाली गई आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली में जिले के सैंकड़ों किसान अपने ट्रेक्टरों के साथ शामिल हुए। गलन भरी सर्दी के बावजूद रैली में सम्मलित हुए किसानों का हौसला और जज्बा देखते ही बनता था। पॉलिटेक्निक कॉलिज का विशाल ग्राउण्ड दोपहर 3 बजे तक ट्रेक्टरों व किसानों से पूरी तरह भर चुका था। इस अवसर पर एक आमसभा आयोजित हुई जिसे भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सिंह ने सम्बोधित किया।

देश को लूटने में मोदी ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ा

पन्ना के पॉलिटेकिनक कॉलिज ग्राउण्ड में आमसभा को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सिंह।
भारतीय किसान यूनियन की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं वयोवृद्ध किसान नेता जगदीश सिंह ने पन्ना में आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली को सम्बोधित करते हुए केन्द्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का किसान काले कानूनों के खिलाफ उठ खड़ा हुआ है। केन्द्र की हठधर्मी-अहंकारी सरकार अब चाहे जितने भी हथकंडे अपना ले, चाहे जितना भी अत्याचार कर ले पर एक बात साफ़ है कि काले कानूनों की वापसी और फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारण्टी से कम हमें कुछ भी मंजूर नहीं है। खुद को किसान हितैषी बताने वाली यह सरकार असल में कार्पोरेट घरानों की कठपुतली है। यह बात पूरा देश भलीभांति समझ चुका है।
श्री सिंह ने कहा कि, पिछले दो माह से दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे लाखों किसान भाईयों को इस सरकार ने बदनाम करने से लेकर उनके आंदोलन को कुचलने के लिए जितना अत्याचार किया है, उसे पूरी दुनिया ने देखा है। यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं बल्कि तानशाह सरकार है। उन्होंने मोदी सरकार को घोर सांप्रदायिक और विभाजनकारी एजेण्डे चलने वाली सरकार बताते हुए कहा कि धर्म के नाम अधर्म व नफ़रत फैलाकर यह सरकार सत्ता में आई है।
आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली की आमसभा में मंचासीन किसान नेतागण।
किसान नेता जगदीश सिंह ने लोगों को आगाह किया कि साम्प्रदायिक एजेण्डे के जाल में अब न फंसना वरना हमारा प्यारा देश बर्बाद हो जाएगा। वैसे भी इस सरकार ने अपने 7 साल के कार्यकाल में देश को लूटने के मामले में अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। काली चमड़ी वाले इन अंग्रेजों से हमें सतर्क रहना होगा।

कॉन्ट्रेक्ट खेती से गुलाम बन जाएंगे किसान

आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली की आमसभा में बड़ी संख्या में किसान सम्मलित हुए।
किसान नेता जगदीश सिंह ने कहा कि कृषि सुधार के नाम पर किसानों को कॉर्पोरेट क्क गुलाम बनाने वाले कानून केन्द्र की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने कोरोना संकटकाल में संसद में पारित कराए हैं। इन काले कानूनों के लागू होने से अन्नदाता किसानों की जमीनों पर बड़े उद्योगपतियों-पूजीपतियों का कब्जा हो जाएगा। कॉन्ट्रेक्ट खेती में शर्तों का उल्लंघन होने की सूरत में किसानों को न्याय मिलना संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया, मैनें कई देशों का भ्रमण कर यह अनुभव किया है, कॉन्ट्रेक्ट खेती घाटे का सौदा है।
पन्ना के पॉलिटेकिनक कॉलिज ग्राउण्ड में खड़े आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली में शामिल ट्रेक्टर।
इसी तरह यह सरकार बिजली से सब्सिडी ख़त्म करना चाहती है। अगर ऐसा हुआ तो किसानों के 3 हार्स पावर एवं 5 हार्स पावर पम्प का बिजली बिल दोगुना से भी अधिक आएगा। भारतीय किसान यूनियन की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जगदीश सिंह ने बताया कि पराली (प्याँर) जलाने संबंधी कानून में सरकार ने किसानों के लिए 5 साल की सजा का प्रावधान किया है। जबकि उद्योगपतियों के कल-कारखानों की जो चिमनियां रात-दिन जहरीला धुंआं उगल रहीं उसकी चिंता किसी को नहीं है।
आपने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी के दोहरे रवैये को उजागर करते हुए बताया कि वे जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तो तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इस मुद्दे पर पत्र लिखकर किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की मांग करते थे लेकिन आज मोदी जब स्वयं प्रधानमंत्री हैं तो वे अपनी ही माँग से मुँह चुरा रहे हैं।

किसान ट्रेक्टर परेड- “ऐसा नजारा पहले नहीं देखा”

पन्ना के पॉलिटेक्नि ग्राउण्ड से किसान जब ट्रेक्टरों में सवार होकर ज्ञापन सौंपने के लिए इन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित नवीन कलेक्ट्रेट भवन के लिए कतारबद्ध अनुशासित तरीके से निकले तो लोग ट्रेक्टरों के इस सैलाब को अपलक बस देखते ही रह गए। नारेबाज़ी करते हुए चल रहे किसानों की ट्रेक्टर परेड 2 किलोमीटर से अधिक लम्बी रही जिसमें लगभग 400 ट्रेक्टर शामिल हुए। पुराना पावर हाऊस से गाँधी चौक एवं कचेहरी चौराहा होते विशाल किसान ट्रेक्टर परेड जब निकली तो घरों के बाहर और छतों पर चढ़कर लोग इसे निहारते रहे।
इस दौरान लोगों की सिर्फ एक ही तरह की प्रतिक्रिया सामने आई कि उन्होंने पहले कभी ऐसा नजारा नहीं देखा। यह वाकई अभूतपूर्व और ऐतिहासिक था। पहली बार किसी प्रदर्शन में सैंकड़ों ट्रेक्टरों को एक साथ देख लोग हैरान रह गए। महारैली में शामिल ट्रेक्टर किसान यूनियन का एवं राष्ट्रीय ध्वज लगाकर चल रहे थे।

कलेक्टर के न आने से नाराज हुए किसान

किसान विरोधी काले कानूनों के खिलाफ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए नगर सेना ग्राउण्ड में एकत्र हुए जिले के सैंकड़ों किसान।
किसान ट्रेक्टर परेड के आयोजन के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम रहे। किसानों के इस विशाल प्रदर्शन को लेकर प्रशासन की घबराहट कलेक्ट्रेट के मेन गेट की बैरिकेटिंग कर उसे बंद करने एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात करने के रूप में देखने को मिली। सुरक्षा कारणों का हवाला देकर किसानों के ट्रेक्टरों को नगर सेना के मैदान में ही रोक दिया गया। जहाँ किसानों का ज्ञापन लेने के लिए पन्ना एसडीएम शेर सिंह मीना(आईएएस) भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौजूद रहे। लेकिन पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र के द्वारा मौक पर आकर स्वयं ज्ञापन न लेने से नाराज किसान नारेबाजी करने लगे।
हालाँकि बाद में उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित अपना ज्ञापन एसडीएम श्री मीना को सौंप दिया। ज्ञापन के माध्यम से किसान विरोधी-जन विरोधी काले कानूनों को तत्काल वापस लेने व फसलों की खरीदी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था को कानूनी रूप देने की पुरजोर माँग की। ज्ञापन सौंपने के बाद महारैली शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।

महारैली में ये रहे शामिल

आक्रोशित किसान ट्रेक्टर महारैली भारतीय किसान यूनियन के संभागीय अध्यक्ष सेवालाल पटेल व भारतीय किसान यूनियन के पन्ना जिलाध्यक्ष बसंतलाल पटेल के संयोजन में सफलतापूर्वक आयोजित हुई। जिसमें गुनौर विधायक शिवदयाल बागरी, शिवजीत सिंह, देशपाल पटेल, अनीस खान, किसान नेता जयराम यादव, नंदकिशोर पटेल, आनंद शुक्ला, संजय अहिरवार, केशरी अहिरवार, दीपक तिवारी, रामबहादुर द्विवेदी, खुशीराम प्रजापति, आनंद पटेल, हाजी अब्दुल हमीद, संतोष सिंह यादव, नत्थू सिंह यादव, विनय चनपुरिया, रियासत खान, डॉ. कदीर खान, अनीस पिंटू सिद्दीकी, कृष्णपाल पटेल, कमलेश पटेल बाबाजी, विनोद कुशवाहा, बद्री पटेल, सुशील चनपुरिया, जीतेन्द्र जाटव, संतोष लोधी, मनीष यादव सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।