मिशन 2023 : प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 16 जिलों में नियुक्त किए संगठन मंत्री

0
630
फाइल फोटो।

*     पन्ना में कुशल संगठक पवन जैन को सौंपी गई जिम्मेदारी

*     प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर किया मनोनीत

शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश में अगले वर्ष यानी 2023 के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को धरातल पर अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के द्वारा लगातार योग्य, अनुभवी और क्षमतावान कांग्रेसजनों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपें जा रहे हैं। इसी क्रम में आज मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने प्रदेश के 16 जिलों में मनोनीत किये गए संगठन मंत्रियों की सूची जारी की है। जिला संगठन मंत्रियों की नियुक्ति पीसीसी चीफ कमलनाथ के निर्देश पर की गई है। पीसीसी द्वारा जारी सूची अनुसार- पन्ना जिले में पवन जैन, अनूपपुर- मनोज मिश्रा, उमरिया- संजीव खण्डेलवाल, ग्वालियर ग्रामीण- सुरेन्द्र यादव, झाबुआ- जसवंत सिंह भांवर, टीकमगढ़- अनिल बड़कुल, दमोह- प्रदीप पटेल, रीवा ग्रामीण- रविशंकर तिवारी, श्योपुर- जगदीश मिश्रा, सिंगरौली ग्रामीण- देवेन्द्र पाठक, मुरैना ग्रामीण- सुभाष सिंह सिकरवार, निवाड़ी- रमेश खरे, छतरपुर- सूर्यप्रताप सिंह बुंदेला, जबलपुर शहर- मनोज सेठ, देवास शहर- वसंती लाल मोदी एवं देवास जिले के ग्रामीण क्षेत्र के लिए- प्रतीक शास्त्री को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगठन मंत्री का यह होगा दायित्व

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया, संगठन मंत्री का यह दायित्व होगा कि वह प्रदेश कांग्रेस द्वारा मनोनीत जिला प्रभारी के साथ संगठन एवं जिला कांग्रेस की गतिविधियों के संबंध में समन्वय स्थापित करेंगे। साथ ही जिले की सभी मण्डलम सेक्टर समितियों की नियमित बैठकें लेकर उनके दायित्वों के निर्वहन के संबंध में निर्देशों का उचित रूप से पालन सुनिश्चित कराएंगे। कुल मिलाकर जिले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के बाद संगठन मंत्री ही सबसे पावरफुल होगा।

पवन की नियुक्ति पर पन्ना में ख़ुशी की लहर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को पुष्पगुच्छ देते हुए पन्ना जिले के कांग्रेस नेता पवन जैन।
पन्ना जिले में संगठन मंत्री का दायित्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन जैन को सौंपा गया है। श्री जैन कुशल संगठक और रणनीतिकार के रूप में जाने जाते हैं। पन्ना जिले के कांग्रेस संगठन में पिछले 4 दशक से अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए पार्टी की सेवा करने वाले पवन जैन को संगठन मंत्री बनाए जाने से उम्मीद की जा रही है कि उनके अनुभव, योग्यता व सक्रियता का लाभ पार्टी को मिलेगा। और निश्चित ही जिले में कांग्रेस संगठन में पोलिंग बूथ स्तर तक नई ऊर्जा का संचार होगा। विदित हो कि, कांग्रेस नेता पवन जैन के पिता श्री स्व. विजय कुमार जैन करीब 20 वर्ष तक जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के अध्यक्ष रहे हैं। स्व. श्री जैन की गिनती जिले के सबसे सफल जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में होती है। कांग्रेसी विचारधारा और मूल्यों को जीने वाले पवन को संगठन मंत्री बनाए जाने पर जिले के कांग्रेसजनों में ख़ुशी की लहर व्याप्त है। श्री जैन को बधाई देने वालों का तांता लगा है। सभी ने उनकी नियुक्ति के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं पवन जैन ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि, सौंपे गए दायित्व का पूरी क्षमता के साथ ईमानदारी से निर्वाहन करने का प्रयास करूंगा।