पवई में मोहनी मिश्रा व शाहनगर में आशीष खरे जनपद पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित

0
1545
निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पॉलिटेक्निक कॉलिज पवई से बाहर निकलते हुए पवई के नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्यगण।

*     चुनाव जीतते ही कांग्रेस नेता आशीष ने पहन लिया भाजपा का गमछा

*    पवई में सुखदेव सिंह व शाहनगर में शिवराज सिंह जनपद उपाध्यक्ष चुने गए

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन प्रक्रिया-2022 के तहत शुक्रवार 28 जुलाई को पन्ना जिले की पवई व शाहनगर जनपद पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हुआ। आधिकारिक तौर पर घोषित नतीजों के अनुसार जनपद पंचायत पवई में अध्यक्ष पद पर मोहनी आनंद मिश्रा और उपाध्यक्ष पद के लिए सुखदेव सिंह निर्वाचित हुए हैं। जनपद पंचायत शाहनगर में कांग्रेस के युवा नेता आशीष खरे अध्यक्ष चुने गए। हालांकि अपने चयन के तुरंत बाद आशीष ने सबको चौंकाते हुए भाजपा का गमछा पहन लिया। इसी के साथ उनके सुर भी बदल गए। युवा नेता आशीष के भाजपा में शामिल होने से जिले में कांग्रेस को एक और तगड़ा झटका लगा है। जबकि भाजपा के खेमे में ख़ुशी की लहर देखी जा रही है। शाहनगर जनपद पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर सुखदेव सिंह निर्वाचित हुए। दोनों ही जनपदों निर्वाचन की सम्पूर्ण प्रक्रिया सम्बंधित पीठासीन अधिकारी की देखरेख एवं प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

मोहनी आनंद मिश्रा को मिले 15 वोट

पवई जनपद पंचायत की नव निर्वाचित अध्यक्ष मोहनी आनंद मिश्रा।
रविशंकर सोनी,पवई | त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत गुरुवार को जनपद पंचायत पवई के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न हुआ। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में दोपहर 11 बजे से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के निर्देश पर 25 जनपद सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसके बाद दोपहर 12 बजे से जनपद अध्यक्ष पद हेतु नाम निर्देशन पत्र भरे गए। जिसमें जनपद अंतर्गत वार्ड क्रमांक-17 उमरहट निवासी मोहनी आनंद मिश्रा व कोनी निवासी रोहित दुबे वार्ड क्रमांक-3 के द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र भरा गया। मतदान होने पर मोहनी आनंद मिश्रा को 15 और रोहित दुबे को 10 मत प्राप्त हुए। इस तरह मोहनी आनंद मिश्रा 5 मतों के अंतर से जनपद अध्यक्ष का चुनाव जीत गईं।
पवई जनपद पंचायत के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह।
जनपद उपाध्यक्ष पद हेतु सुखदेव सिंह निवासी महुआटोला वार्ड क्रमांक-25 एवं दयाशंकर लोधी वार्ड क्रमांक-8 निवासी मोहन्द्रा ने नामांकन पत्र भरा। मतदान होने पर की गई मतगणना में सुखदेव सिंह को 14 एवं दयाशंकर को 11 मत प्राप्त हुए। पवई जनपद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष भाजपा समर्थित प्रत्याशी बताए जा रहे हैं। जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर आज सुबह से ही नगर में खासी चहल-पहल रही। पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के सामने दोनों पक्षों के समर्थक भारी संख्या में मौजूद रहे। नतीजे आते ही विजयी पक्ष के समर्थकों ने रंग-गुलाल उड़ाकर व आतिशबाजी करके खुशी का इजहार किया।

आशीष को 14 मत प्राप्त हुए

शाहनगर जनपद पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष आशीष खरे।
संजय त्रिपाठी, शाहनगर | जनपद पंचायत शाहनगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद की निर्वाचन प्रक्रिया गुरूवार को संपन्न हुई। यहां अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस के युवा नेता आशीष खरे वार्ड क्रमांक-19 और विनीता साहू वार्ड क्रमांक-3 के द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने पर मतदान हुआ। निर्वाचन की सम्पूर्ण प्रक्रिया में शाहनगर जनपद के कुल 25 जनपद सदस्यों में से 24 सदस्य शामिल हुए। एक जनपद सदस्य अनुपस्थित रहा। मतदान होने पर तुरंत बाद मतगणना पश्चात जनपद अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित आधिकारिक तौर पर किया गया। जिसमें आशीष खरे 14 वोट प्राप्त कर जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुए। निकटतम प्रतिद्वंदी विनीता साहू को 10 मत प्राप्त हुए।

उपाध्यक्ष पद के लिए कांटे का मुकाबला

शाहनगर जनपद पंचायत के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष शिवराज सिंह।
जनपद अध्यक्ष पद पर मिली हार के बाद विनीता साहू ने उपाध्यक्ष पद हेतु नामांकन फार्म दाखिल किया।लेकिन यह चुनाव भी वे हार गईं। उपाध्यक्ष पद हेतु शिवराज सिंह वार्ड क्रमांक-4 व कुँवरमान लोधी वार्ड क्रमांक-8 ने भी अपना नामांकन भरा। पीठासीन अधिकारी की उपस्थिति में मतदान तथा मतगणना संपन्न होने के बाद चुनाव के आधिकारिक तौर पर नतीजे घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए कांटे के मुकाबले में शिवराज सिंह सर्वाधिक 11 मत प्राप्त करके उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी विनीता साहू को 10 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद के तीसरे उम्मीदवार कुँवरमान लोधी को महज 3 वोट मिले। अंत में नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को जीत के प्रमाण पत्र पीठासीन अधिकारी द्वारा प्रदान किये गए। निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद शाहनगर में भारतीय जनता पार्टी के द्वारा नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का विजयी जुलूस निकालकर जश्न मनाया गया।