लाठी-डण्डों से पीट-पीटकर किया सांभर का शिकार, पाँच आरोपी गिरफ्तार

0
903
वन परिक्षेत्र सलेहा की टीम के द्वारा पकड़े गए सांभर के शिकारी एवं उनसे जप्त सांभर का मांस।

*  पन्ना जिले के दक्षिण वन मण्डल अंतर्गत सलेहा रेन्ज की घटना

*  सांभर का माँस पका रहे शिकारियों को छापामार कार्रवाई कर पकड़ा

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले वन्य जीवों के शिकार की घटनाएं लगातार सामने आ रहीं हैं। रविवार को पन्ना के दक्षिण वन मण्डल की सलेहा रेन्ज अंतर्गत कल्दा पठार के खिलसारी ग्राम में सांभर के शिकार का मामला प्रकाश में आया है। इस प्रकरण को वन अमले ने गंभीरता से लेकर तत्परता से कार्रवाई करते हुए 5 शिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सांभर का मांस, शरीर के अवयव जप्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम अंतर्गत वन अपराध कायम किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार 14 फरवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कल्दा पठार के खिलसारी ग्राम में कुछ लोग सांभर का शिकार कर मांस को अपने घर में पका रहे हैं। दक्षिण वनमण्डल पन्ना की डीएफओ मीना कुमारी मिश्रा के निर्देशन एवं हेमन्त यादव उप वनमण्डलाधिकारी कल्दा के मार्गदर्शन में सलेहा के वन परिक्षेत्राधिकारी आर.एस. पटेल द्वारा हमराही वनकर्मियों के साथ खिलसारी ग्राम के कई घरों में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान उत्तम सिंह पिता ज्ञान सिंह के घर से पका हुआ मांस बरामद किया गया।
वहीं मंगल सिह पिता ज्ञान सिंह, होशियार सिंह पिता चन्नू सिंह, चन्नू सिंह पिता गोकुल सिंह, राम सिंह पिता प्रहलाद सिंह के घरों से कच्चा मांस जप्त हुआ। छापामार कार्रवाई के दौरान आरोपियों के मौके से भागने पर वनकर्मियों के द्वारा तगड़ी घेराबंदी पाँचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर घटनास्थल का मुआयना कर वन्यप्राणी सांभर को काटने वाले स्थान से साक्ष्य के रूप में उसकी आंत, आमाश्य, हृदय एवं शरीर के अन्य अवयव जप्त किये गए।

पालतू कुत्तों की मदद से किया शिकार

सलेहा रेंजर राम सिंह पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा पूंछतांछ में ग्राम खिलसारी में नदी के किनारे शनिवार 13 फरवरी को दोपहर में पालतू कुत्तों की मदद से सांभर को घेरकर लाठी-डण्डों से पीट-पीटकर मारने की जानकारी दी गई। इसके बाद रात्रि में 12 बजे मृत सांभर को नजदीकी खेत में ले जाकर काटपीट करके मांस को आपस में बांट लिया। रेंजर श्री पटेल ने ने बताया कि गिरफ्तार पाँचों शिकारियों को सोमवार 15 फरवरी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। छापामार कार्रवाई एवं आरोपियों की धरपकड़ में लव प्रताप सिंह (प्रशिक्षु) वनक्षेत्रपाल, दिलीप सिह वनपाल, देवेन्द्रगिरी गोस्वामी, महेन्द्र कुमार अग्रहरी, उमाशंकर पाल, ज्ञानप्रकाश सिंह, आरख, राजेश कुमार सोनी, उमादत्त द्विवेद, गजेन्द्र सिह परिहार, राजू अहिरवार, बिहारी सिंह यादव, इन्द्रकुमार वर्मा, रजनीश कुमार चौधरी एवं अन्य वनरक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।