महिला पर हंसिया से प्राणघातक हमला कर युवक ने लगाई फांसी

0
268
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाली थाना पन्ना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी।

*    पन्ना नगर के गल्ला मण्डी इलाके की घटना

*    घायल महिला का जिला चिकित्सालय में चल रहा इलाज

पन्ना। (www.radarnews.in) शहर के गल्लामंडी इलाके में मंगलवार 20 सितंबर की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों को पता चला कि पति-पत्नी की तरह रह रहे युवक ने महिला पर हंसिया से प्राणघातक हमला करने के बाद फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। कुछ समय से दोनों के बीच अनबन के चलते युवक ने पहले महिला के ऊपर हंसिया से कई प्राणघातक किए। घायल महिला जान बचाने के लिए चीखती-चिल्लाती हुई बाहर भागी तो आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। इसी बीच आरोपी युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। अनहोनी की आशंका पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने काफी समय तक दरवाजे खुलवाने का प्रयास किया। इसके बाद भी जब दरवाजे नहीं खुले तो दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर घुसी। तब तक आरोपी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है, महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पन्ना नगर के नारंगीबाग निवासी रक्कू वर्मन पिता बुद्ध वर्मन 35 वर्ष और महिला मौसम वर्मन एक साथ गल्लामंडी के पीछे लढ़ियाना मोहल्ला में एक किराए के मकान में पति-पत्नी की तरह रहते थे। आसपास के लोगों के अनुसार दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे दोनो लोगों के बीच फिर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गयाकि रक्कू वर्मन ने महिला मौसम पर हंसिया से कई प्राणघातक हमला किए। जिससे महिला लहूलुहान हो गई और चीखती-चिल्लाती हुई घर से बाहर भाग निकली। जिसके बाद आरोपी रक्कू ने खुद को कमरे के अंदर बंद करके फांसी लगाकर ख़ुदकुशी ली। कोतवाली थाना पुलिस ने इस घटना पर एक अपराध और एक मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटनाक्रम नगर में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना है।