सेक्शन राइटरों का सहायक ग्रेड-3 के पद पर संविलियन करने की उठी मांग

0
819
सेक्शन राइटरों का सहायक ग्रेड-3 के पद पर संविलियन करने की मांग को लेकर मंत्री बृजेन्द्र सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी।

अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने खनिज मंत्री को ज्ञापन सौंपा

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) सेक्शन राइटरों का सहायक ग्रेड-3 के पद पर संविलियन करने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जिला शाखा पन्ना के अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह यादव के नेतृत्व में शनिवार 19 सितंबर को इस सम्बंध में मुख्यमंत्री के नाम प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह को मध्य प्रदेश सेक्शन राइटर संघ की एक सूत्रीय संविलियन की मांग का ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संयुक्त मोर्चा के संयोजक कमलेश कुमार त्रिपाठी, महामंत्री राजकिशोर शर्मा, उप संयोजक पुष्पराज सिंह परमार एवं कृष्ण कुमार उपस्थित थे।
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के द्वारा इस न्यायोचित मांग के संबंध में दी गई जानकारी को मंत्री श्री सिंह ने गंभीरता पूर्वक सुना। साथ ही उन्होंने इस मांग से जुड़ी फाइल का अवलोकन किया। जिसमें पाया कि मध्य प्रदेश के कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं तहसील कार्यालयों में विगत 20-25 वर्षों से सेक्शन राइटर कार्यरत हैं, जोकि श्रमिक के समान वेतन पर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मध्यप्रदेश के श्योपुर, छिंदवाड़ा, सतना, दतिया, अशोकनगर, कटनी, बुरहानपुर, दमोह, रायसेन, देवास, टीकमगढ़ में समय-समय पर कलेक्टरों के द्वारा सेक्शन राइटरों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ किया जा चुका है। विधानसभा चुनाव-2013 के दौरान जम्बूरी मैदान भोपाल में सेक्शन राइटर को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ किये जाने की घोषणा की गई थी। जिसका पालन उप चुनाव- 2020 के पूर्व राजस्व विभाग मंत्रालय भोपाल में लंबित फाइल नम्बर आर-3276/2015/सात-4 ए में कराए जाने का अनुरोध किया गया।
मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा सेक्शन राइटरों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर संविलियन कराने का भरोसा दिलाया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान सेक्शन राइटर संघ की ओर से रामभजन तिवारी, मयंक पाण्डेय, राजेश मिश्रा, अभय भार्गव, रामानंद त्रिपाठी, रघुनंदन गौतम, गंगेश्वर शुक्ला, अजय कुमार खरे, अब्दुल वहीद, लक्ष्मी नारायण खरे, मूल चन्द्र खरे, अजय खरे, रमेश नामदेव, जवीन आरा रिजवी एवं दीपक गुप्ता शामिल रहे।