टोक्यो ओलंपिक : नीरज चोपड़ा ने भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाकर रचा इतिहास

0
743
टोक्यो ओलंपिक में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाने वाले नीरज चोपड़ा।

7 पदक जीतकर भारत ने बनाया ओलंपिक में सर्वाधिक पदक जीतने का नया रिकार्ड

नई दिल्ली। (www.radarnews.in) टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। नीरज ने 87.58 मीटर जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल दिलाया है। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 87.03 मीटर, दूसरे में 87.58 और तीसरे प्रयास में 76.79 मीटर भाला (जैवलिन) फेंका। इस मुकाबले में दूसरे और तीसरे स्थान पर चेक खिलाड़ी रहे। उल्लेखनीय है कि नीरज की स्वर्णिम जीत के साथ ही भारत के टोक्यो ओलंपिक में अब 7 पदक हो गए हैं और यह किसी एक ओलंपिक में सबसे अधिक पदक जीतने का भारत का नया रिकॉर्ड है। इसके पूर्व लंदन ओलपिक 2012 में भारत को छह पदक मिले थे। ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड जीतने वाले नीरज दूसरे खिलाड़ी हैं। बीजिंग ओलंपिक 2008 अभिनव बिंद्रा ने राइफल शूटिंग में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतने के बाद कहा कि वो अपनी जीत को मिल्खा सिंह समेत उन एथलीटों को समर्पित करते हैं जो मामूली अंतर से मेडल से चूकते रहे।
प्रधानमंत्री ने नीरज को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नीरज चोपड़ा को टोक्यो ओलंपिक 2020 में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने उल्लेखनीय भावना के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “टोक्यो में इतिहास रचा गया है! @Neeraj_chopra1 ने आज जो उपलब्धि हासिल की है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। युवा नीरज ने असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने उल्लेखनीय भावना के साथ खेला और अद्वितीय धैर्य दिखाया। स्वर्ण जीतने के लिए उन्हें बधाई। #Tokyo2020”